उमड़-उमडकर ढोल बजाएँ
काले काले बादल छाये
सागर का संदेसा लाये
कैसे कैसे रूप सजाये
उजली सी रुई के गोले
पर थोड़े से हो गए मैले
दौड पकड़ खेलें मतवाले
भेष धरे हैं नए निराले
देख हुआ है चुनमुन राजी
नावों में लग जाए बाजी
बिल्लू बंटी अब्दुल काजी
बोलो कौन बनेगा माँझी
बिजली ने बन सखी सहेली
ओढ़ी चूनर नई नवेली
अब महक मेहंदी की फैली
धरती की सज गयी हथेली
देख जलद मेंढक टर्राये
मोर नाच के किसे रिझाये
हलधर के मन को हरखाये
देखो देखो जलधर आये
उमड़-उमडकर ढोल बजाएँ
काले काले बादल छाये
